RSS Feed

‘अनाम’ की नाट्य प्रस्तुति – शिवराम को रचनात्मक श्रृद्धांजलि

अनाम’ की नाट्य प्रस्तुति
“ईश्वर अल्लाह तेरो नाम” का प्रभावी मंचन
सुप्रसिद्ध रंगकर्मी साथी शिवराम को दी गई रचनात्मक श्रृद्धांजलि

shivram - sketch by ravi kumar, rawatbhata२५ दिसंबर २०११. कोटा की रंगकर्मी संस्था ‘अनाम’ अभिव्यक्ति नाट्य एवं कला मंच के रंगकर्मी साथियों ने ‘अनाम’ के संस्थापक, प्रतिष्ठित साहित्यकार एवं रंगकर्मी साथी शिवराम के निधन के पश्चात हर वर्ष उनके जन्मदिवस पर उनकी स्मृति को समर्पित एक नाट्य प्रस्तुति करने का संकल्प किया था। इसी श्रृंखला में शिवराम के ६३वें जन्मदिवस ( २३ दिसंबर ) के अवसर पर उनको रचनात्मक श्रृंद्धांजलि देने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन ऐलन इंस्टिट्यूट स्थित सद्‍भाव सभागार में किया गया। इस आयोजन में गीत-दोहों की संगीतमयी प्रस्तुति और प्रबोध जोशी लिखित मशहूर नाटक ‘ईश्वर अल्लाह तेरो नाम’ का मंचन किया गया।

संचालन करते हुए ‘विकल्प’ के अध्यक्ष महेन्द्र नेह ने शिवराम के संघर्षमयी जीवन और क्रांतिकारी मूल्यों पर एक संक्षिप्त वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए कहा कि शिवराम एक उच्च कोटि के विचारक, सृजनधर्मी, संघर्षशील साथी तो थे ही, लेकिन इससे भी बढ़कर इंसानियत का गहरा जज़्बा और संवेदशीलता उनके रोम-रोम से व्यक्त होती थी। मेहनतकश जन-गण की मुक्ति तथा शोषण-विहीन, पाखण्ड रहित, ज्ञान-विज्ञान-कला और संस्कृति से समृद्ध एवं समानता पर आधारित उन्नत भारत उनके सपनों और संकल्पों की घुरी था। अपने सपनों और संकल्पों को ज़मीन पर उतारने के लिए उन्होंने कई सामाजिक-सांस्कृतिक-साहित्यिक संस्थाओं, ट्रेड यूनियनों-किसान-युवा-छात्र एवं तानाशाही व सांप्रदायिकता विरोधी जन-अधकार संगठनों में स्वयं को खपा कर काम किया और देश भर में अपने सह-विचारकों, सह-कर्मियों, मित्रों व शुभ-चिंतकों का एक विशाल कारवां तैयार किया। उन्होंने कहा कि नाटक के मोर्चे पर उनकी जलाई इस मशाल को कोटा में आशीष मोदी, कपिल सिद्धार्थ, पवन कुमार, अज़हर अली और अनाम के अन्य नौजवान साथियों ने जलाए रखने तथा उनके संकल्पों तथा कार्यों को आगे बढ़ाने का जो संकल्प लिया है और उसे चरितार्थ कर रहे हैं वही उनके प्रति एक सच्ची साथियाना श्रृद्धांजलि है।

कार्यक्रम की शुरुआत में शिवराम द्वारा लिखित गीतों और दोहों को कोटा के ही वरिष्ठ गीतकार एवं संगीतज्ञ शरद तैलंग ने संगीतबद्ध स्वर प्रदान कर उनके प्रभाव को अधिक मार्मिक बना कर प्रस्तुत किया। डॉ.राजश्री गोहटकर ने भी गीत प्रस्तुत किये।

अनाम के साथियों ने इस बार अपनी प्रस्तुति के लिए प्रबोध जोशी के नाटक ‘ईश्वर अल्लाह तेरो नाम’ को चुना। आज की परिस्थितियों में जबकि साम्प्रदायिक और विघटनकारी शक्तियां उभार पर हैं और समाज में नकारात्मक परिदृश्य रचना चाहती हैं, ऐसे में यह नाटक और अधिक मौजूं बनकर सामने आता है। आज़ादी के समय के विभाजन की पृष्ठभूमि में एक पागलखाने पर इसके असरों की पड़ताल के जरिए यह नाटक विभाजन का, सांप्रदायिक और विघटनकारी मूल्यों का मखौल उड़ाता है और साम्प्रदायिक सौहार्द और एकता के नये तर्क गढ़ता है।

इस नाटक में एक पागलखाने में विभिन्न प्रतीकात्मक चरित्र हैं जो अपनी सामान्य पर विशिष्ट दिनचर्याओं में हैं। विभाजन के वक़्त पागलों की भी अदला-बदली का एक आदेश पागलखाने में हड़कंप मचा देता है और शुरुआत होती है नाटकीयताओं से भरपूर दृश्यों की जिनमें डूबते-उतरते दर्शक सभ्य-समाज के साम्प्रदायिक एवं विघटनकारी जैसे पागलपनें के मूल्यों के मखौल और पागलों के सहज मानवतावादी सौहार्द के मूल्यों के साथ अपने को एकाकार करते जाते हैं। कोटा के ही प्रमुख नाट्य-निर्देशक ललित कपूर के सधे हुए निर्देशन में इस नाटक की कोलाज़मयी प्रस्तुति और भी प्रभावशाली हो गई थी जिसको दर्शकों ने भी भरपूर सराहा।

ईश्वर और अल्लाह की मुख्य चरित्र भूमिकाओं में आशीष मोदी और अज़हर अली ने अपने मार्मिक अभिनय द्वारा दर्शकों पर गहरा प्रभाव छोड़ा। सुपरिटेण्डेंट की भूमिका में डॉ.पवन कुमार स्वर्णकार, अनामी की भूमिका में राजेश शर्मा (आकाश), विनोद की भूमिका में राजकुमार चौहान, आइजैक की भूमिका में अभियंक व्यास तथा युवती की भूमिका में राजकुमारी ने अपने सराहनीय अभिनय के द्वारा दर्शकों की खूब दाद पाई। संगीत की कमान मनीष सोनी और मोहन सिंह ने संभाली। मैकअप व मंच की अन्य व्यवस्थाएं रोहित पुरुषोत्तम, शिवकुमार एवं रवि कुमार के हाथों में थी।

इस अवसर पर ही अर्जुन कवि स्मृति संस्थान ( राजस्थान ) द्वारा शिवराम को उनके साहित्य एवं रंगकर्म के क्षेत्र में दिये गये विशिष्ट सृजनात्मक योगदान के लिए निधन उपरांत ‘अर्जुन कवि जनवाणी सम्मान’ से सम्मानित भी किया गया। यह सम्मान शिवराम की मां कलावती देवी और पत्नी सोमवती देवी ने ग्रहण किया।

०००००

रवि कुमार

About रवि कुमार

रवि कुमार, रावतभाटा, कोटा, ( राजस्थान ). संपर्क : ravikumarswarnkar@gmail.com एक बेहतर आदमी बनने की प्रक्रिया में एक साधारण सा आदमी...

12 Responses »

  1. बहुत प्रतीक्षा के बाद रिपोर्ट पढ़ने को मिली। कार्यक्रम वाकई बेहतरीन था। रंग कर्मियों के लिए एक सुझाव है कि कोई भी नाटक करे तो एक ही मंच पर कम से कम दो दिन लगातार करें। मुझे लगता है कि अगले दिन अधिक दर्शक जुटेंगे।

    Reply
  2. शिवराम को श्रृद्धांजलि.

    Reply
  3. सर्व प्रथम भाई शिवराम जी को श्रधान्जली और “नाटक के मोर्चे पर उनकी जलाई इस मशाल को कोटा में आशीष मोदी, पवन कुमार, अज़हर अली और अनाम के अन्य नौजवान साथियों ने जलाए रखने तथा उनके संकल्पों तथा कार्यों को आगे बढ़ाने का जो संकल्प लिया है और उसे चरितार्थ कर रहे हैं वही उनके प्रति एक सच्ची साथियाना श्रृद्धांजलि है” अनाम के सभी साथियों को मेरी हार्दिक शुभकानायें ।
    भाई रवि जी मैं दिनेश जी की कही बात “रंग कर्मियों के लिए एक सुझाव है कि कोई भी नाटक करे तो एक ही मंच पर कम से कम दो दिन लगातार करें। मुझे लगता है कि अगले दिन अधिक दर्शक जुटेंगे।”
    से सहमत हूं।और साथ ही आप से अनुरोध है कि ये बात आप “अनाम” के साथियों तक ज़रूर पहुंचाए।
    आपको बताना चहता हूं कि इस कार्यक्रम में मैं भी मौज़ूद था।

    Reply
  4. भाई रवि जी इस पोस्ट के लिये आपको धन्यवाद देन भूल गया था
    पहले तो पोस्ट के लिये शुक्रिया
    और आप को आपकी भूमिका निभाने के लिये धन्यवाद

    Reply
  5. अनाम के सभी साथियों को बधाई एवं धन्यवाद

    Reply
  6. अभियंक व्यास को बहुत बहुत बधाई पहली बार में काफी प्रभावी अभिनय, एवं राजेश शर्मा (आकाश) को भी बहुत बहुत बधाई काफी प्रभावी अभिनय क साथ साथ ललित जी की अनुपस्थिति में कलाकारों को काफी कुछ सिखाया

    Reply
  7. पर्दे के पीछे के कई ऐसे महत्त्वपूर्ण अवदान अक्सर प्रकाश में आने से रह जाते हैं, जिनके कि बगैर इस तरह की समय खपाने वाली श्रम-साध्य गतिविधियां संभव ही नहीं हो सकती. कपिल सिद्धार्थ इस बार इसी तरह अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे. साथ ही श्री गणेश तारे जी का सहयोग, जिसमें कि वे लंबे समय तक चलते रहने वाले रिहर्सल के लिए बड़ी ही सहजता से अपने अल्बर्ट आइंसटाइन स्कूल के संसाधनों को सहर्ष झौंक दिया करते हैं….

    Reply
  8. रचनात्मक श्रृद्धांजलि ही सही मायने में श्रृद्धांजलि है
    ‘अनाम’ की सार्थक प्रस्तुति का सुन्दर सचित्र वर्णन ……..

    Reply
  9. भाई शिवराम को श्रृद्धांजलि..अनाम के सभी साथियों को मेरी हार्दिक शुभकानायें ।

    Reply
  10. भाई शिवराम को श्रृद्धांजलि. अनाम के सभी साथियों को मेरी हार्दिक शुभकानायें ।

    Reply

Leave a Reply

Fill in your details below or click an icon to log in:

WordPress.com Logo

You are commenting using your WordPress.com account. Log Out / Change )

Twitter picture

You are commenting using your Twitter account. Log Out / Change )

Facebook photo

You are commenting using your Facebook account. Log Out / Change )

Connecting to %s

Follow

Get every new post delivered to your Inbox.

Join 123 other followers